अकादमी ने हिंदी सेवी साहित्यकार डॉ. शिव कुमार खंडेलवाल को घर जाकर किया सम्मानित
-साहित्यकार पुरस्कार समारोह में नहीं हो सके थे शामिल
सोनीपत।
हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी द्वारा साहित्यकारों को घर-घर जाकर सम्मानित करने की पहल के तहत मंगलवार को सोनीपत के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिव कुमार खंडेलवाल को ‘विशेष हिन्दी सेवी सम्मान-2021’ से उनके निवास पर जाकर सम्मानित किया गया। डॉ. खंडेलवाल स्वास्थ्य कारणों से गत 23 जुलाई को सूर्य कवि दादा लखमीचंद की 123वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय साहित्यकार सम्मान समारोह में उपस्थित नहीं हो सके थे। इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाबी, हिंदी, हरियाणवी, संस्कृत और उर्दू के 80 से अधिक साहित्यकारों को सम्मानित किया था। स्वास्थ्य कारणों से अनुपस्थित रहे साहित्यकारों को सम्मान से वंचित न रहे , इसलिए अकादमी ने उन्हें घर जाकर सम्मानित करने का निर्णय लिया। इसी के तहत मंगलवार को अकादमी के कार्यकारी उप-चेयरमैन डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री और सदस्य सचिव मनजीत सिंह ने सेक्टर-14, सोनीपत स्थित उनके निवास पर जाकर उन्हें शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान स्वरूप 1 लाख रुपये की मानदेय राशि पहले ही उनके खाते में भेजी जा चुकी है।
डॉ. शिव कुमार खंडेलवाल के साहित्य की मुख्य विशेषता इतिहास और लोक का संगम है। उनके लेखन में हरियाणवी संस्कृति, लोक-भाषा और जमीनी जीवन का सजीव चित्रण मिलता है। वे कठिन ऐतिहासिक तथ्यों को भी सरल जन-भाषा में प्रस्तुत करने में सिद्धहस्त हैं। वयोवृद्ध साहित्य मनीषी डॉ शिव कुमार लगभग 60 वर्षों से हिंदी सेवा में जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री ने कहा कि हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी साहित्य को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। सदस्य सचिव मनजीत सिंह ने कहा कि अकादमी की प्राथमिकता साहित्यकारों के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। अकादमी की विशेषता है कि वह हिंदी, हरियाणवी, पंजाबी, संस्कृत और उर्दू सभी भाषाओं को समान मंच और सम्मान देती है। युवा एवं प्रतिभावान लेखकों को प्रोत्साहन देना अकादमी की प्राथमिकता है।
------------
Comments
Post a Comment