25 वर्ष की उम्र में राहुल बने बीएआरसी के वैज्ञानिक अधिकारी, सोनीपत के तिहाड़ खुर्द का बढ़ाया मान
सोनीपत।
सोनीपत जिले के गांव तिहाड़ खुर्द के होनहार युवक राहुल ने देश के प्रतिष्ठित भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) में वैज्ञानिक अधिकारी (साइंटिफिक ऑफिसर) के पद पर चयनित होकर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। राहुल का चयन बीएआरसी ओसीईएस-2026 के तहत हुआ है। महज 25 वर्ष की आयु में मिली इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने राहुल और उनके परिवार को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राहुल के पिता बलजीत सिंह शिक्षक हैं, जबकि माता राजरानी गृहिणी हैं। परिवार के अनुसार राहुल बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर, अनुशासित और वैज्ञानिक सोच रखने वाले छात्र रहे हैं। वह हर विषय को गहराई से समझने और नई चीजें सीखने के लिए हमेशा उत्सुक रहते थे। उनकी इसी लगन और निरंतर मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
राहुल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव भदाना स्थित शिवाजी विद्यापीठ से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी), कुरुक्षेत्र से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। बीटेक के बाद उन्होंने गेट-2026 परीक्षा उत्तीर्ण की और कठिन लिखित परीक्षा व साक्षात्कार प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पार करते हुए बीएआरसी में वैज्ञानिक अधिकारी के पद पर चयन हासिल किया।
राहुल ने बताया कि मुंबई स्थित बीएआरसी में उनका लगभग डेढ़ घंटे का साक्षात्कार हुआ, जिसमें विशेषज्ञों ने सिविल इंजीनियरिंग के तकनीकी विषयों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समस्या समाधान क्षमता तथा व्यावहारिक इंजीनियरिंग से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ सभी सवालों के उत्तर दिए, जिसके बाद उनका अंतिम चयन हुआ।
राहुल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि कठिन समय में उनके विश्वास और प्रोत्साहन ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वह 27 जुलाई को मुंबई में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे तथा 29 जुलाई से वैज्ञानिक अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे सोनीपत जिले में गर्व का माहौल है और क्षेत्र के युवाओं को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
---------
Comments
Post a Comment