पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फरमाना में सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप सम्पन्न

पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फरमाना में सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप सम्पन्न 

सोनीपत, 09 जून (अनिल कुमार खत्री)।
पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फरमाना में आयोजित सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप का उत्साहपूर्ण एवं सफल समापन हुआ। इस समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषा कौशल का विकास करना, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों के अंदर आत्मविश्वास और रचनात्मकता को विकसित करना रहा। कैंप में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लेते हुए विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कैंप के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं के महत्व, संवाद कौशल, अभिवादन की विभिन्न शैलियों, प्रमुख शहरों की जानकारी, भारतीय कला एवं संस्कृति, पारंपरिक भोजन, महान व्यक्तित्वों, स्वतंत्रता सेनानियों, ऐतिहासिक धरोहरों, राष्ट्रीय स्मारकों, भारत के मानचित्र, नदियों और पर्वतों के बारे में गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से जानकारी प्रदान की गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को रोचक एवं व्यावहारिक तरीकों से सीखने का अवसर दिया, जिससे विद्यार्थियों में नई चीजें सीखने के प्रति उत्साह देखने को मिला।
समर कैंप के दौरान गीत, कविता पाठ, कहानी वाचन, भाषण प्रतियोगिता, चित्रकला, पोस्टर निर्माण, प्रश्नोत्तरी, समूह चर्चा तथा पारंपरिक खेलों जैसी अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास हुआ।
शिक्षिका नूतन ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 जून से आरम्भ हुए इस सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप के सफल संचालन में मीनाक्षी, रेणु मलिक, रश्मि, कविता, ऋतुराज, राजवंती, वर्षा, पिंकी, उर्मिल, नूतन, रेणु बाला एवं सुमन का विशेष योगदान रहा। कैंप के दौरान प्रतिदिन प्रार्थना सभा, विद्यार्थियों की उपस्थिति, फोटोग्राफी तथा विद्यार्थियों से फीडबैक लेने जैसी गतिविधियों को भी नियमित रूप से संचालित किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या सुनीता ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाएं हमारी संस्कृति और पहचान की आधारशिला हैं तथा विद्यार्थियों को अपनी भाषा और संस्कृति से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए।
कैंप के समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें इस शिविर से बहुत कुछ नया सीखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई तथा शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
-------------

Comments