शक्ति प्रदर्शन के साथ भाजपा मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने किया नामांकन

शक्ति प्रदर्शन के साथ भाजपा मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने किया नामांकन


सोनीपत,24 अप्रैल (अनिल कुमार खत्री)।
हरियाणा में निकाय चुनावों की सरगर्मियां अब अपने चरम पर पहुंच चुकी हैं और सियासी माहौल प्रदेश की भीषण गर्मी से भी ज्यादा गरम नजर आ रहा है। सोनीपत नगर निगम चुनाव को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने मेयर प्रत्याशी राजीव जैन का नामांकन दलबल के साथ दाखिल कराया।
नामांकन के दौरान शहर में भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक जुलूस के रूप में नामांकन स्थल तक पहुंचे। इस दौरान पूरे माहौल में चुनावी उत्साह साफ नजर आया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, सोनीपत के शहरी विधायक निखिल मदान और वरिष्ठ नेता देवेंद्र कादियान विशेष रूप से मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मोहनलाल बडोली ने दावा किया कि हरियाणा के निकाय चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि सोनीपत में मेयर पद के साथ-साथ सभी वार्डों में भाजपा प्रत्याशी भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगे और शहर में विकास की गति को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर वे चुनाव प्रचार के लिए सोनीपत आते हैं तो यहां की जनता उन्हें “जलेबी फैक्ट्री” वाले बयान की याद जरूर दिलाएगी। साथ ही, नारी शक्ति वंदन अधिनियम के मुद्दे पर भी उन्होंने विपक्ष को घेरते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का काम किया है।
वहीं, मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने नामांकन के बाद पार्टी आलाकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सोनीपत की जनता विकास और पारदर्शिता के मुद्दे पर भाजपा को समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि शहर में हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए नई योजनाओं के जरिए सोनीपत को और बेहतर बनाने का काम किया जाएगा।
कुल मिलाकर, नामांकन के साथ ही सोनीपत में चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प होता नजर आ रहा है, जहां सभी राजनीतिक दल जीत के दावे कर रहे हैं।



बाक्स -
सभी वार्डों में जीत का दावा

राजीव जैन ने दावा किया कि इस बार भाजपा न केवल मेयर पद जीतेगी बल्कि सभी 22 वार्डों में भी भाजपा के पार्षद विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि शहर में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने 24 घंटे काम किया है, जिसका लाभ चुनाव में मिलेगा।

बाक्स -
ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित 

भाजपा के नगर निगम मेयर  प्रत्याशी  राजीव जैन के नामांकन के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मोहनलाल बडोली,विधायक निखिल मदान जी,विधायिका कृष्णा  गहलावत,विधायक पवन खरखोदा, कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन,ललित बत्रा,सोनीपत जिला के प्रभारी सतीश नांदल,जिला महामंत्री तरुण देवीदास, नीरज कुमार,योगेश पाल अरोड़ा,आजाद नेहरा आदि उपस्थित रहे।

Comments