गेहूं की खरीद के दौरान सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करे संबंधित मंडी सचिव - प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल

गेहूं की खरीद के दौरान सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करे संबंधित मंडी सचिव - प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल

*हरियाणा सरकार लगातार किसानों के हितों के लिए कर रही कार्य - विधायक निखिल मदान*

*प्रधान सचिव ने किया खरीद के प्रथम दिन जिला की मंडियों का निरीक्षण एवं लघु सचिवालय में ली संबंधित अधिकारियों की बैठक*

सोनीपत, 01 अप्रैल। 
जिला में गेहूं खरीद प्रक्रिया के प्रथम दिन हरियाणा सरकार में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव श्री पंकज अग्रवाल के द्वारा मंडियों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने जिला की विभिन्न मंड़ियों का दौरा कर सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान विधायक निखिल मदान भी प्रधान सचिव के साथ रहे। निरीक्षण से पूर्व उन्होंने लघु सचिवालय में मंड़ी व खरीद से संबंधित अधिकारियो के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा भी करी। 
प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल ने सोनीपत, खरखौदा और गोहाना मंडियों का निरीक्षण किया तथा किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पेयजल, शौचालय, कैंटीन, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे, पोर्टल संबंधी सुविधाएं तथा बायोमैट्रिक व्यवस्था सहित सभी प्रबंधों की जांच की गई।
उन्होंने मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि शौचालय, कैंटीन व पेयजल की स्पष्ट सूचना के लिए साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि किसानों को सुविधा मिल सके। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश भी दिए। सोनीपत मंडी में नई बनी सड़क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने उसकी गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए।
इस दौरान सोनीपत के विधायक निखिल मदान भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। गेहूं खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

प्रधान सचिव ने ली लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक

बैठक के दौरान प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल ने अधिकारियों को बायोमैट्रिक सत्यापन, ई-खरीद मोबाइल ऐप के माध्यम से गेट पास जारी करने, खरीद प्रक्रिया की निगरानी, बारदाना उपलब्धता तथा सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गेहूं के भंडारण हेतु तिरपाल व पॉलिथीन की पर्याप्त व्यवस्था पहले से की जाए, ताकि बारिश की स्थिति में फसल सुरक्षित रहे।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसानों की फसल का प्रत्येक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए और भुगतान समय पर सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान उपायुक्त नेहा सिंह, एसडीएम सुभाष चंद्र, एसडीएम अमित कुमार, एसडीएम डाॅ. अनमोल, एसडीएम प्रवेश काद्यिान, डीएफएसई विशेंल सहरावत, सोनीपत मार्केट कमेटी चैयरमैन अरूण चैहान, सभी संबंधित मंड़ियांे के सचिव व अन्य सभी संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Comments