2015 बैच की आईएएस अधिकारी नेहा सिंह ने संभाला सोनीपत के उपायुक्त का कार्यभार

2015 बैच की आईएएस अधिकारी नेहा सिंह ने संभाला सोनीपत के उपायुक्त का कार्यभार


-इससे पहले आईएएस अधिकारी नेहा सिंह पलवल, कुरूक्षेत्र के उपायुक्त के रूप में दे चुकी हैं अपनी प्रशासनिक दक्षता का परिचय

राष्ट्रीय जंक्शन / सोनीपत, 21 मार्च । 
वर्ष 2015 बैच की आईएएस अधिकारी नेहा सिंह ने सोनीपत के उपायुक्त के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहेगा।
                   उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल योजनाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका सही और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसेवा की भावना से कार्य करें और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें। उन्होंने यह भी कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन की सफलता का वास्तविक पैमाना है।
                   आईएएस अधिकारी नेहा सिंह इससे पूर्व पलवल एवं कुरुक्षेत्र में उपायुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं, जहां उन्होंने प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता एवं जनहितकारी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके अनुभव और नेतृत्व से सोनीपत जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
                   उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के समन्वय से सोनीपत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
                  इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम गोहाना अंजलि श्रोत्रिय, एसीयूटी योगेश दिल्हौर(आईएएस), एसडीएम सोनीपत सुभाष चंद्र, एसडीएम खरखौदा डॉ० निर्मल नागर, एसडीएम गन्नौर प्रवेश कादियान, नगराधीश डॉ० अनमोल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 
                                                                                                     -------------

Comments