सोनीपत में श्री गुरु गोरखनाथ के नाम से बनेगा चौक -सीएम
-संतों और महापुरुषों के द्वारा दिखाये गये रास्ते पर चलते हुए सरकार हर वर्ग के कल्याण व उत्थान के लिए समर्पित - मुख्यमंत्री
सोनीपत।
हरियाणा सरकार द्वारा संतों और महापुरुषों के विचारों व आदर्शों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाई जा रही ‘संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना’ के तहत आज सोनीपत में श्री गुरु गोरखनाथ प्रकटोत्सव राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर नायब सिंह सैनी ने श्री गुरु गोरखनाथ को नमन करते हुए कहा कि यह उनका परम सौभाग्य है कि इस प्रकटोत्सव समारोह में वे शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि संतों और महापुरुषों के द्वारा दिखाये गये रास्ते पर चलते हुए हरियाणा सरकार हर वर्ग के कल्याण व उत्थान के लिए समर्पित है। सबसे पहले सबसे गरीब के जीवन स्तर को ऊपर उठाना ही राज्य सरकार का ध्येय है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सोनीपत में एक चौक का नाम श्री गुरु गोरखनाथ जी के नाम पर रखने तथा प्रदेश में जोगी समाज की धर्मशालाओं के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने लगभग 104 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत वाली 4 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 84 करोड़ 82 लाख रुपये की 3 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 19 करोड़ 23 लाख रुपये की परियोजना का उद्घाटन शामिल है।
समारोह में राई से विधायक कृष्णा गहलावत, गन्नौर से विधायक देवेंद्र कादियान व खरखौदा से पवन खरखौदा, मेयर सोनीपत राजीव जैन, देवेन्द्र कौशिक, सतीश नांदल, सोनीपत जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, गोहाना जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, प्रदीप सांगवान, जिला पार्षद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, पूर्व जिलाध्यक्ष जसबीर दोदवा, निशांत छोक्कर, सुमित्रा चौहान, जोगी समाज के अध्यक्ष कैप्टन सुभाष चंद जोगी, सुरेश जोगी, चरण सिंह जोगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment