खेल स्कूल राई की तरह ही खेल विश्वविधालय में दाखिला लेना युवाओं का सपना होगा : गौरव गौतम
राष्ट्रीय जंक्शन , राई।
हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में मंगलवार को वार्षिकोत्सव समारोह अत्यंत उत्साह, जीवंतता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के माननीय खेल मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः एथलेटिक प्रतियोगिताओं के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने बड़े जोश और उत्साह के साथ भाग लेकर प्रतिस्पर्धा का शानदार प्रदर्शन किया।
इसके पश्चात विश्वविद्यालय परिसर में हवन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिससे समूचे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार हुआ। हवन में राई विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती कृष्णा गहलावत ने सहभागिता की, साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने आहुति देकर कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
दोपहर में संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों के बीच एक रोचक वॉलीबॉल मुकाबला खेला गया, जिसने दर्शकों को रोमांच और मनोरंजन से भर दिया। शाम को आयोजित समापन समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, सम्मान समारोह और पुरस्कार वितरण के आयोजन हुए, जिसमें विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया।
इस दौरान अपने संबोधन में मुख्य अतिथि खेल मंत्री, हरियाणा सरकार गौरव गौतम ने कहा हरियाणा खेल विश्वविद्यालय प्रदेश का पहला ऐसा संस्थान है, जो खेल शिक्षा को वैज्ञानिक सोच, मानसिक सुदृढ़ता और आधुनिक प्रशिक्षण तकनीकों के साथ जोड़ रहा है। यहां डिग्री, डिप्लोमा से लेकर पीएचडी तक के पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। कम समय में इस विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय ‘मिशन ओलंपिक 2036’ के अंतर्गत हरियाणा से 36 पदकों के लक्ष्य की दिशा में दृढ़संकल्पित होकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा की खेल नर्सरियों के माध्यम से ग्रामीण इलाकों की प्रतिभा को निखारने का काम किया जा रहा है । हरियाणा की खेल नीति को देश भर में सराहा जा रहा है और इसे अपनाने का काम किया है । उन्होंने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय निर्माण से जुड़ी चुनौतियों का समाधान तेजी से किया जा रहा है और शीघ्र ही विश्वविद्यालय की भव्य इमारत सभी सुविधाओं से सुसज्जित होकर विद्यार्थियों को उपलब्ध होगी। माननीय मंत्री ने राज्य में एक सशक्त खेल पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की बात करते हुए कहा कि यह प्रयास न केवल खिलाड़ियों, बल्कि कोच, विश्लेषक और अन्य खेल पेशेवरों को भी मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि वर्ष 2036 के ओलंपिक में हरियाणा का लक्ष्य 36 पदक जीतना है, और विश्वविद्यालय इस लक्ष्य को मूर्त रूप देने में प्रमुख भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति श्री अशोक कुमार ने कहा हमारा लक्ष्य केवल उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करना नहीं, बल्कि खेल जगत के हर आयाम—कोचिंग, विश्लेषण और प्रबंधन—में कुशल पेशेवरों की एक नई पीढ़ी तैयार करना है। आगामी शैक्षणिक सत्र में 700 से अधिक नामांकनों के साथ, हम देश के तीसरे सबसे बड़े खेल शिक्षा संस्थान बनने की दिशा में अग्रसर हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने हाल ही में राष्ट्रीय और अंतर-विश्वविद्यालय स्तर पर 13 स्वर्ण सहित कुल 27 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और संस्थान की गुणवत्ता का परिचय दिया है।कुलपति महोदय ने बताया कि अभी हाल ही में हमारे विश्वविद्यालय की बेटी ने कबड्डी में ट्रैक्टर जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है ।
समारोह में ‘बेटर भारत अभियान’ के तहत विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार श्री जसविंदर सिंह ने सभी गणमान्य अतिथियों, संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और कार्यक्रम से जुड़े सहयोगियों का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान विश्वविद्यालय के सभी डीन, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समस्त कार्यक्रम अत्यंत व्यवस्थित, गरिमामय एवं प्रेरणादायक रूप से संपन्न हुए, और यह दिन विश्वविद्यालय के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में सदा स्मरणीय रहेगा।
Comments
Post a Comment