जरूरतमंद की सहायता करना नैतिक कर्त्तव्य : सत्यवीर राष्ट्रीय जंक्शन / सोनीपत।

 साधन संपन्न लोगों को आगे बढ़कर वंचित वर्ग के हित के लिए पहल करनी चाहिए जिससे वे भी समाज की मुख्य धारा में शामिल हो सकें। ये विचार आर्य समाज के सदस्य एवं समाज सेवी सत्यवीर सिंह सरोहा ने प्रकट किए। वे मंगलवार को स्थानीय काठ मंडी स्थित आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बतौर मुख्य अतिथि जरूरतमंद बच्चों को जर्सियां वितरित करने आए थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्य समाज के पूर्व प्रधान कपिल देव ने की। 
     कार्यक्रम में पहुँचने पर विद्यालय के प्राचार्य नरेन्द्र सिंह ने मुख्य अतिथि का पगड़ी व स्मृति चिह्न से स्वागत किया। समाज सेवी सत्यवीर सिंह सरोहा ने कहा कि जरूरतमंद की सहायता करना हमारा नैतिक कर्त्तव्य है। महाभारत में यक्ष-युधिष्ठिर संवाद में युधिष्ठिर ने मृत्यु के बाद दान को सबसे बड़ा मित्र बताया है। इसलिए साधन संपन्न लोगों को अपनी कमाई का दसवां हिस्सा परोपकार के कार्यों में लगाना चाहिए। इससे जरूरतमंद परिवारों का भला होगा। जरूरतमंद परिवारों का जीवन स्तर ऊंचा उठने पर वे भी अपने समाज व देश के लिए कुछ अच्छा काम कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी हमारे देश के कर्णधार हैं। उन्हें पढ़ने के लिए पुस्तक, फीस, कपड़े आदि सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। आर्य समाज के पूर्व प्रधान कपिल देव ने अतिथिगण का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में 34 विद्यार्थियों को जर्सियां बांटी गई। इस अवसर पर उत्तम सरोहा, राजेश कुमार, बिजेंद्र घणगस, सतेन्द्र सरोहा, दिनेश कुमार, दिलावर सिंह, जसबीर सिंह आदि भी मौजूद रहे।

Comments