सनातन धर्म की मज़बूती के लिए चोंटी और जनेऊ धारण करें :- शास्त्री राष्ट्रीय जंक्शन / सोनीपत।

वैदिक प्रवक्ता महेन्द्र कुमार शास्त्री ने कहा कि विश्व के सभी धर्मों के लोग अपनी पहचान बनाए रखने में विश्वास करते हैं लेकिन सनातन धर्म के लोग इसके प्रति जागरूक नहीं हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि हम सनातन धर्म के प्रति अपनी सच्ची आस्था रखते हैं तो हम सभी को चोंटी और जनेऊ धारण करना चाहिए जिससे सनातन धर्म को मज़बूत बनाया जा सके। वे बुधवार को स्थानीय काठ मंडी स्थित आर्य समाज द्वारा संचालित आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रहे यजुर्वेद पारायण महायज्ञ के दूसरे दिन उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में आर्यसमाजियों ने सोनीपत क्षेत्र में सनातन धर्म की मज़बूती का संकल्प लिया। 
बुधवार को अभिषेक-अलीशा, देवेन्द्र-प्रमिला, उमेश मोर-नीलम, लक्ष्य-अन्नु तथा दीपक-ऋचा यजमान बने और वैदिक मंत्रों के साथ आहुति दी। कार्यक्रम में आर्य समाज के पूर्व प्रधान कपिल देव तथा प्रधानाचार्य नरेन्द्र सिंह ने दीप प्रज्वलित किया। वैदिक प्रवक्ता महेन्द्र कुमार शास्त्री ने कहा कि यजुर्वेद में ज्ञान, दीर्घायु व  धन-सम्पत्ति की सुरक्षा पाने के लिए प्रार्थनाएं हैं। यजुर्वेद मुख्य रूप से कर्म से जुड़ा है। इस वेद में समाज हित में किए गए सभी कामों को यज्ञ करना बताया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे लोभ के कारण संसार में उपभोक्तावाद को बढ़ावा मिलता है। इसी से एक ओर भय व आतंक पनपते हैं तो दूसरी ओर पर्यावरण प्रदूषण होता है। उन्होंने कहा कि यज्ञ के करने से वायु, वर्षा और जल की उत्तम शुद्धि होती है। ऐसी शुद्धि किसी दूसरे तरीके से नहीं हो सकती। इसलिए प्रतिदिन यज्ञ करके सभी प्राणियों के कल्याण की भावना रखनी चाहिए। इससे संसार के सभी रोग व दोष नष्ट हो जाएंगे। इस अवसर पर सतेन्द्र, कलावती, बबीता, नीलम, मंजू, दिनेश कुमार, दिलावर सिंह, जसवीर आदि भी मौजूद रहे।

Comments