विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे हरविंद्र कल्याण : डा. अरविंद शर्मा राष्ट्रीय जंक्शन / गोहाना।


कैबिनेट मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरविंद्र कल्याण को जो विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है उन्हें पूरा विश्वास है कि वह उसे बखूबी निभाएंगे। अपने कुशल प्रबंधन के माध्यम से वह इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा में आज ही स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का चुनाव हुआ। करनाल जिले के घरौंडा से जीत की हैट्रिक लगाने वाले हरविंद्र कल्याण को सर्वसम्मति विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया। हरविंद्र कल्याण कभी विवादों में भी नहीं रहे। वहीं, जींद विधायक डॉ. कृष्ण मिढ्ढा को डिप्टी स्पीकर बनाया गया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण और उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिड्डा को उपाध्यक्ष बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष के रूप में सौम्य व सरल व्यवहार के धनी डा. कृष्ण मिड्डा भी जनता की सेवा को तत्पर रहेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में कल्याण के नाम का प्रस्ताव रखा, जबकि भाजपा विधायक रणबीर गंगवा ने प्रस्ताव का समर्थन किया। कल्याण करनाल जिले के घरौंडा से तीन बार विधायक रहे हैं। कल्याण को अध्यक्ष तथा कृष्ण मिड्डा को विधानसभा उपाध्यक्ष पद ग्रहण करने पर मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी के विधायकों, कांग्रेस विधायकों, इनेलो विधायक तथा कई अन्य विधायकों ने बधाई दी।

Comments