नगर निगम कार्यालय में समाधान शिविर में 33 आवेदन प्राप्त हुए, 09 का मौके पर किया गया समाधान राष्ट्रीय जंक्शन / सोनीपत।
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार स्थानीय नगर निगम कार्यालय में बुधवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें नगर निगम आयुक्त विश्राम मीणा, संयुक्त आयुक्त डॉ नरेश कुमार सहित नगर निगम से संबंधित सभी अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। समाधान शिविर में नागरिक प्रोपर्टी आईडी, हाउस टैक्स, जन्म प्रमाण पत्र, पानी निकासी आदि विभिन्न प्रकार की समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनका अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया। आज नगर निगम सोनीपत व नगर पालिका गोहाना, गन्नौर, खरखौदा तथा नगर परिषद कुंडली में कुल 33 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 09 का मौके पर समाधान करवाया गया। शेष आवेदन का जल्द से जल्द निपटान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। नगर निगम आयुक्त विश्राम मीणा ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारी नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर हैं। नागरिक समाधान शिविरों के माध्यम से प्रत्येक कार्यदिवस में अपनी समस्या का समाधान करवा सकते हैं।
नगर निगम कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में सोनीपत के तारा नगर निवासी महेश कुमार ने बताया कि वे समाधान शिविर में अपने मकान के नक्शे के कार्य करवाने के लिए आए थे। इससे पहले वे तीन—चार माह से परेशान हो रहे थे। परंतु आज नगर निगम सोनीपत में लगाए गए समाधान शिविर में अधिकारियों द्वारा मेरी समस्या का समाधान मौके पर ही कर दिया। इस बारे में उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का निकायों में समाधान शिविर लगाने के साथ—साथ अधिकारियों को धन्यवाद किया।
वहीं समाधान शिविर में पहुंचे सोनीपत के गांव शादीपुर निवासी अजय कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने मकान को नगर निगम कार्यालय के रिकार्ड में चढवाने के कार्य के लिए समाधान शिविर में पहुंचे थे, जोकि मौके पर ही अधिकारियों द्वारा समाधान कर दिया गया।
नगर निगम आयुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे समाधान शिविर में समस्या संबंधित फोटो या कोई ठोस सबूत जरूर लेकर आएं। नागरिकों का समस्याओं का हर हाल में समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिक प्रोपर्टी की रजिस्ट्री, प्रोपर्टी आईडी में किसी प्रकार की त्रुटि को दुरुस्त करवाने, प्रोपर्टी टैक्स, सफाई आदि शहरी स्थानीय निकाय से संबंधित समस्याएं रख सकते हैं, जिनका समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम सोनीपत द्वारा कोशिश की जाएगी कि नागरिकों को समाधान शिविर में न आना पड़े इसके लिए जल्द से जल्द ही निकाला जाएगा। निगमायुक्त ने लोगों से आह्वान किया कि शहरी स्थानीय निकाय से संबंधित अगर किसी व्यक्ति को कोई परेशानी है तो वह नगर निगम सोनीपत, नगर पालिका गोहाना, गन्नौर व खरखौदा तथा नगर परिषद कुण्डली में प्रत्येक कार्यदिवस पर प्रात: 09 बजे से 11 बजे तक लगने वाले समाधान शिविरों में अपनी लिखित शिकायत दर्ज करवाएं ताकि उस समस्या का तुरंत समाधान करवाया जा सके।
------------
Comments
Post a Comment