अब भ्रष्टाचार और परिवारवाद से मुक्त होकर तरक्की कर रहा है भारत : नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय जंक्शन / सोनीपत।


 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोहाना में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में सर्वप्रथम सर छोटूराम को नमन किया। उन्होंने पथ प्रदर्शक पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर कहा कि अंत्योदय और गरीबों की सेवा के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय ने जो रास्ता दिखाया वह प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए संकल्प पथ की तरह है। उनकी प्रेरणा से भाजपा भारत को विकास की नई उंचाई पर ले जा रही है और गरीबों का उत्थान कर रही है।
 उन्होंने कहा कि  जनता का स्नेह और अपनापन मेरी जिंदगी की बहुत बड़ी अमानत है। हरियाणा खेती और उद्योग में देश के टॉप राज्यों में अपनी जगह बना रहा है। जब औद्योगिकरण बढ़ता है तो इसका सबसे अधिक फायदा गरीब, किसान और दलित को होता है। बाबा साहेब आंबेडकर मानते थे कि दलितों के सशक्तिकरण में उद्योगों की बड़ी भूमिका होती है। गरीबों, दलितों, वंचितों के पास पर्याप्त जमीन नहीं होती। बाबा साहेब कहते थे कि जब फैक्ट्रियां लगती है तो गरीबों, वंचितों को अवसर मिलता है। भाजपा की नीतियों,  निर्णयों और विचारों में बाबा साहेब की यही सोच दिखाई देगी। देश में आबादी बढ़ रही है और खेत छोटे हो रहे हैं। अर्धशास्त्री मानते हैं कि गांव में खेती के साथ-साथ कमाई के दूसरे रास्ते भी होने चाहिए। केवल खेती से गुजारा नहीं होता। इसलिए जब उद्योगों का विस्तार होता है तो किसानों का जीवन भी बेहतर होता है। इसलिए भाजपा खेती को तो बढ़ावा देती ही है इसके साथ ही व्यापार व कारोबार को भी बढ़ावा देती है। पिछले 10 साल में पूरी दुनिया का भारत पर भरोसा बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज एक बात का विश्वास हुआ है कि अब भारत भ्रष्टाचार और परिवारवाद से मुक्त होकर तरक्की कर रहा है। दुनिया को लगता है कि आने वाले समय में कोई देश तेजी से आगे बढ़ेगा तो वह देश भारत होगा। दुनिया की बड़ी कंपनियां भारत में निवेश करने के लिए आतुर हैं और जब यह निवेश होगा तो इसका सबसे बड़ा फायदा हरियाणा को होगा। आज हरियाणा गुरुग्राम, फरीदाबाद से लेकर सोनीपत, पानीपत तक दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों का सेंटर बन रहा है। भाजपा का हरियाणा के नौजवानों को अधिक से अधिक नौकरियां और रोजगार देने का प्रयास है।

बॉक्स:-
हरियाणा के किसानों को भाजपा पर भरोसा
हरियाणा की भाजपा सरकार ने 24 फसले एमएसपी पर खरीदने का किसान हितैषी फैसला लिया है। कांग्रेस एमएसपी पर फसल खरीदने से नफरत करती थी। हरियाणा के किसान को कांग्रेस को पहचानना जरूरी है। हरियाणा सरकार किसान हित में बड़े फैसले ले रही है। हरियाणा के किसानों को भाजपा पर भरोसा है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने खर्ची और पर्ची को बंद किया। भाजपा सरकार ने सोनीपत तक मैट्रो के विस्तार को स्वीकृति दी है। हरियाणा भारत की मेडल फैक्ट्री भी है। भारत में 2036 में ओलंपिक करवाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे हरियाणा के  नौजवानों का फायदा होगा और स्पोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर बनेगा। भाजपा सरकार देश की तीसरी स्पोर्टस यूनिवर्सिटी सोनीपत में बनवाई है। 

बॉक्स:-
आतंक और अलगाव को फिर से हवा देना चाहती है कांग्रेस
उन्होंने कहा कि आज जब जम्मू कश्मीर में शांतिपूर्ण मतदान होता है तो सबसे ज्यादा खुशी हरियाणा की वीर माताओं को होती है। लेकिन कांग्रेस और इसके साथियों को जम्मू कश्मीर में शाति पसंद नहीं है। कांग्रेस फिर धारा 370 वापिस लाना चाहती है। कांग्रेस आतंक और अलगाव को फिर से हवा देना चाहती है। तुष्टीकरण के लिए कांग्रेस देश के दुश्मनों के एजेंडा को भारत में लागू करना चाहती है। 
 
बॉक्स:-
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ
हरियाणा में नायब सिंह सैनी को भाजपा ने सीएम बनाया। इतने कम समय में ही इन्होंने पूरे हरियाणा के लोगों के दिल में जगह बनाई है। कांग्रेस शासित हर राज्य में मुख्यमंत्री और मंत्री झगड़ों में उलझे हैं। उनको जनता की तकलीफ, दुख-दर्द से कोई लेना देना नहीं। उनके सीएम और डिप्टी सीएम आपसी लड़ाई में व्यस्थ हैं। तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश में भी यही कहानी।

 
बॉक्स
हरियाणा डबल इंजन की ताकत जानती है : नायब सैनी

गोहाना में पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। नायब सैनी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में हरियाणा का जबरदस्त विकास हुआ है। हरियाणा डबल इंजन की ताकत जानता है।

Comments