देश पर कुर्बानी देने वालों को कभी भुलाया नहीं जा सकता --विवेक आर्य - अमर शहीदों की बदौलत ही आज हम सकुशल हैं, देश पर कुर्बान होने वालों को कभी भुलाया नहीं जा सकता राष्ट्रीय जंक्शन / गोहाना।
उपमंडल अधिकारी (ना०) गोहाना विवेक आर्य ने सैकड़ों युवाओं के साथ गोहाना के शहीद मदन लाल धींगड़ा स्टेडियम से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने अमर शहीदों व भगत सिंह की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि देश पर कुर्बानी देने वालों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इस दौरान तिरंगा यात्रा शहीद मदन लाल धींगड़ा स्टेडियम से निकलकर देवीलाल चौक से होते हुए वाल्मिकी चौक, शहीद भगत सिंह चौक, सर छोटू राम चौक से होते हुए समता चौक पर पहुंची। इस दौरान यात्रा में शामिल बच्चे, महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक देशभक्ति नारे लगाते हुए बड़े ही उत्साहित नजर आए।
उपमंडल अधिकारी (ना०) विवेक आर्य ने कहा कि नागरिकों में राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना पैदा करने के लिए ब्लॉक स्तर व गांवों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा यात्रा का यह अभियान 14 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने बताया कि उपमंडल स्तर पर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम 15 अगस्त को शहीद मदन लाल धींगड़ा स्टेडियम में बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अमर शहीदों की बदौलत ही आज हम सकुशल हैं। देश पर कुर्बान होने वालों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। हम शहीदों के सदैव ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि तिरंगा ध्वज देश को एक साथ जोडऩे का काम करता है और हम सबको देश के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि आपका काम ही आपकी पहचान है और सही मायने में देश सेवा है। बस आपको अपने काम को लगन व ईमानदारी से करना है। देश भक्ति और सेवा का जज्बा आपके अंदर हमेशा रहना चाहिए।
इस मौके पर गोहाना के डीसीपी रविंदर तोमर, डीईओ नवीन गुलिया, गोहाना नगर परिषद की चेयरमैन रजनी विरमानी, भाजपा जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत विरमानी, नगर परिषद की ईओ निशा शर्मा, डीईईओ जितेंद्र छिक्कारा, बीईओ अमित श्योराण, संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं राजनीतिक पार्टी के नेता तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
------------
Comments
Post a Comment