समाधान शिविर में 4935 शिकायतें पहुंची, 3925 का मौके पर समाधान -सोमवार को उपायुक्त ने समाधान शिविर ने सुनी 105 शिकायतें, 09 शिकायतों का किया मौके पर समाधान राष्ट्रीय जंक्शन/ सोनीपत।

राष्ट्रीय जंक्शन / सोनीपत। 
जिलावासियों की समस्याओं का समाधान करने के उद्देश्य से जिला व उप मण्डल स्तर पर आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर में आमजन की समस्याओं पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित व प्रभावी कार्यवाही करते हुए उनका निराकरण किया जा रहा है ताकि लोगो को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सोमवार को लघु सचिवालय में आयोजित हुए समाधान शिविर में उपायुक्त डॉ० मनोज कुमार ने 105 शिकायतों की सुनवाई करते हुए 09 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया और बाकी 96 शिकायतों समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को बुलाकर उनका समाधान करने के लिए दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविर में 10 जून से अब तक कुल 4935 शिकायतें आई हैं, जिनमें से 3925 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जा चुका है और 880 शिकायतों को समाधान के लिए संबंधित विभागों में भेजा गया है। इसके साथ ही 130 शिकायतों को रिजेक्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि समाधान शिविर में आने वाली हर शिकायत को अधिकारी पोर्टल पर अपलोड कर रहे हैं और साथ में समस्या की वर्तमान स्थिति भी पोर्टल पर अपडेट की जा रही है। समाधान शिविर में अब तक रखी गई ज्यादातर शिकायतों का समाधान किया जा चुका है व जो लंबित हैं उनका भी समाधान जल्द सुनिश्चित किया जाएगा। सोमवार को समाधान शिविर में आई अधिकतर शिकायतें परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन व अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित थी।
उन्होंने बताया कि लोगों को अपनी शिकायतों का निवारण करवाने के लिए समाधान शिविर के रूप में बेहतर मंच मिला हैं जहां सभी अधिकारी एक छत के निचे बैठकर लोगों की शिकायतों का निवारण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार व प्रशासन की प्राथमिकता है कि नागरिकों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्रदान किया जाए। इन समाधान शिविरों के माध्यम से प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि हर नागरिक को सरकारी सेवाओं तक आसान पहुंच प्राप्त हो और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान हो। उन्होंने बताया कि सभी एसडीएम भी अपने कार्यालय में सुबह 09 बजे से 11 बजे तक समाधान शिविर लगाकर लोगों की शिकायतें सुनते हैं।
समाधान शिविर में बुढापा पेंशन की शिकायत लेकर पहुंचे सोनीपत के जगमेंन्द्र व गांव बैंयापुर निवासी सूरजभान ने समस्या का तुरंत समाधान पाने पर उपायुक्त का धन्यवाद किया।
इस मौके पर नगर निगम आयुक्त विश्राम मीणा, अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी, डीसीपी नरेन्द्र सिंह, सीईओ जिला परिषद डॉ० सुशील कुमार, एसडीएम सोनीपत अमित कुमार, सहित अन्य संबंधित सभी अधिकारी मौजूद रहे।
-----------------


Comments