बारिश के मौसम को मद्देनजर विकास कार्यों को शीघ्रता से पूरा करवाएं अधिकारी : -सुरेंद्र पंवार राष्ट्रीय जंक्शन / सोनीपत।
विधायक सुरेंद्र पंवार ने विकास नगर, जटवाड़ा सहित अन्य स्थानों पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के मौसम को मद्देनजर रखते हुए विकास कार्यों को शीघ्रता के साथ पूरा करवाया जाए। अधिकारी स्वयं फील्ड में पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण करें, ताकि बारिश के मौसम में क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधायक सुरेंद्र पंवार ने कहा कि बारिश के मौसम को मद्देनजर रखते हुए अधिकारी पानी निकासी की व्यवस्था का भी पुख्ता प्रबंध करें। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश आते ही अंडपास के नीचे जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिसकी वजह से शहरवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। विधायक सुरेंद्र पंवार ने विकास नगर गली नम्बर-3 में अधर में लटके गली निर्माण के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही झील पुकसरा में पहुंचकर पानी निकासी का प्रबंध करने के निर्देश दिए। विधायक सुरेंद्र पंवार ने कहा कि उनका प्रयास रहता है कि किसी भी शहरवासी को परेशानी का सामना न करना पड़े। वह हमेशा क्षेत्रवासियों की सेवा के लिए तत्पर रहते है। ड्रेन नम्बर-6 के विकास कार्य को भी पूर्ण करवाने के लिए विधायक सुरेंद्र पंवार ने अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ड्रेन नम्बर-6 के कार्य की वजह से कई कालोनियों में सीवरेज लाइन ब्लॉक हो जाती है, जिसकी वजह से क्षेत्रवासियों का घर से बाहर निकलना दुभर हो जाता है। अधिकारी समस्या का पता चलते ही उसका समाधान करें, ताकि विकराल रूप धारण न करें।
Comments
Post a Comment