कावड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए करें पर्याप्त प्रबंध- एसडीएम राष्ट्रीय जंक्शन / गोहाना।

         
एसडीएम विवेक आर्य ने गोहाना क्षेत्र से गुजरने वाली कावड़ यात्रा को सरल, सुगम, सुविधाजनक तथा सुरक्षित बनाने के लिए अपने कार्यालय में अधिकारियों की मीटिंग ली और पर्याप्त प्रबंध करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सावन माह में शिवरात्रि के मौके पर शिवलिंग पर गंगाजल के अभिषेक के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से कावड़ लेकर आएंगे। इस दौरान अपने गंतव्य तक पहुंचने में कावडिय़ों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। 
उन्होंने कावड़ यात्रा को लेकर हर प्रकार के प्रबंधों के लिए गंभीरता से विचार-विमर्श करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोहाना क्षेत्र के लोग हजारों की संख्या में कावड़ लेकर आते हैं। कावड़ लोगों की आस्था का प्रतीक है, जिसका सम्मान करते हुए पुख्ता प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि 02 अगस्त की शिवरात्रि है, जिसे ध्यान में रखते हुए कावडिय़ों के पूर्ण व्यवस्था की जाए। 
एसडीएम ने निर्देश दिए कि कावडिय़ा रूट पर कावडिय़ों के लिए शिविरों का प्रबंध किया जाए, जो कि सडक़मार्गों से पीछे हटकर लगवाये जायें। शिविरों में पेयजल, चिकित्सा, शौचालय आदि की पूर्ण व्यवस्था होनी चाहिए। कावड़ यात्रा के दौरान कावडिय़ों के साथ-साथ ट्रैफिक भी सरलतापूर्वक चलता रहे। कावडिय़ों को निर्देशित करने के लिए बोर्ड, फ्लैक्स आदि लगवाये जायें। कावड़ यात्रा दिन-रात चलेगी, जिसके तहत रात्रि के समय लाइट की पूर्ण व्यवस्था रखी जाए। 
श्री आर्य ने कहा कि कावड़ लोगों की भावना, भक्ति व श्रद्धा का प्रतीक है। पुलिस-प्रशासन को शिवरात्रि के मौके तक कुछ दिनों का सेवा का अवसर मिल रहा है। इसे सभी अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण निष्ठा के साथ निभायें। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिप्सी तथा मेडिकल वैन कावड़ यात्रा के साथ-साथ चलती रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला कावडिय़ों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। सेवा के इस कार्य में स्वयंसेवी संगठनों तथा धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की भी मदद ली जाए। उन्होंने कहा कि प्रमुख तौर पर पानीपत की सीमा से कावडियां गोहाना की सीमा में प्रवेश करते हैं। अत: वहां कांवड़ियों के लिए उचित व्यवस्था की जाए।

Comments