सरकारी नौकरियों में बैकलाग को जल्द से जल्द किया जाएगा पूरा- मुख्यमंत्री -डबल इंजन की सरकार संत कबीर दास की शिक्षाओं व दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए सर्व समाज के हित में कर रही है काम-मुख्यमंत्री राष्ट्रीय जंक्शन / गोहाना।


  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि संत कबीरदास जी के 626वें प्रकाश पर्व पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेश सरकार की अंत्योदय की भावना को धरातल पर उतारते हुए गरीब व्यक्ति को मजबूत व सशक्त बनाने के लिए कई घोणाएं की, जिनमें मुख्यत: गोहाना में संत कबीर के नाम से चौक का निर्माण, गोहाना धानक शिक्षा सभा को लाइब्रेरी व लंगर हाल का निर्माण के लिए 31 लाख रुपये की राशि, भूमि उपलब्ध होते हुए रोहतक-जींद रोड पर बाईपास का निर्माण और सरकारी नौकरियों में बैकलाग को जल्द से जल्द पूरा किया करना शामिल है। इसके अलावा प्रथम व द्वितीय श्रेणी की पदोन्नति में आरक्षण का लाभ देने के लिए न्यायालय में सरकार द्वारा पूरजोर पैरवी करने का आश्वासन दिया। 
मुख्यमंत्री आज सोनीपत के गोहाना में आयोजित राज्यस्तरीय संत कबीरदास जयंती समारोह में जनसमूह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने संत कबीर दास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार संत कबीर दास की शिक्षाओं व दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए सर्व समाज के हित में काम कर रही है। गरीब व्यक्ति को आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए  सरकार ने कई कल्याणकारी य़ोजनाएं चला रखी हैं। 

कबीर जी के दोहों के एक-एक शब्द है प्रेरणादायक
उन्होंने कहा कि संत कबीर जी का पूरा जीवन समाज में फैले अंधविश्वास, जात-पात व रूढ़ीवादी परंपराओं को समाप्त करने के लिए समर्पित रहा, ताकि समस्त समाज का निर्माण हो। उन्होंने कहा कि कबीर जी के दोहों के एक-एक शब्द प्रेरणादायक है और हमें जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। उनकी शिक्षाओं में संस्कृति और संस्कार भी है। 

कई राजनैतिक दल अपने स्वार्थ के लिए समाज में भेद-भाव फैलाने का कर रहे हैं काम 
उन्होंने कहा कि संत कबीर सर्वधर्म संभाव के प्रतीक हैं। हमारे देश में विभिन्न जाति, सम्प्रदायों के मानने वाले लोग रहते हैं और सभी के हृदय में भगवान का वास है। इसलिए हमें बिना भेद-भाव के मानवता से प्रेम करना चाहिए। परंतु उन्हें दुख हैं कि कई राजनैतिक दल महापुरुषों के नाम पर भी राजनीति करके समाज में भेद-भाव फैलाने का काम कर रहे हैं, ताकि वे अपने राजनैतिक स्वार्थ को पूरा कर सके। ऐसे लोगों से सर्तक रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एक नागरिक के तौर पर सभी संवैधानिक अधिकार देने की रचना करने वाले संविधान निर्माता भारत रत्न डा. भीम राव आंबेडकर के दर्शन को भी उन्होंने नहीं बख्शा और संविधान बदलने का दुष्प्रचार किया। उन्होंने कहा कि संविधान कोई किताब मात्र नहीं बल्कि भारत माता की आत्मा है, लेकिन राजनैतिक स्वार्थ के लिए गलत प्रचार करके लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई राजनैतिक दलों को देश में शांति और विकास नहीं भाता है, बल्कि उन्हें भेदभाव व अशांति चाहिए। उनका मानना है कि देश में जितनी अशांति और भेदभाव होगा। उतना ही उन्हें राजनैतिक लाभ मिलेगा। 

 सरकार महापुरुषों की जीवनी व शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कर रही है कार्य 
मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुषों की जीवनी व शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार ने महापुरुष सम्मान प्रचार-प्रसार योजना लागू की है, जिसके तहत महापुरुषों की जंयतियों को सरकारी स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में  नरेंद्र मोदी ने सबका साथ-सबका विकास, सबका प्रयास के मूल मंत्र को अपनाते हुए देश को आगे बढ़ाया है। उन्हीं से प्रेरित होकर प्रदेश सरकार ने हरियाणा एक हरियाणवी एक के संकल्प को लेकर अंत्योदय भावना के साथ संवैधानिक व नैतिक दायित्व को निभाते हुए गरीबों के कल्याण के कार्य किए हैं, ताकि वे समाज की मुख्य धारा में जुड़ सकें। 


 देश में अगले पांच सालों में तीन करोड़ लोगों को कराई जाएगी छत मुहैया 
उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों को छत मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ मकान बनाकर दिए हैं। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते ही श्री मोदी ने अगले पांच वर्षों में 3 करोड़ मकान बनाकर देने का संकल्प किया है। उन्होंने कहा कि कोराना काल में जब रेहड़ी-फड़ी वालों पर कमाने का संकट आया था तो प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इसका संज्ञान लिया और प्रधानमंत्री स्व: निधि योजना के तहत उन्हें बिना ब्याज के 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उलब्ध कराई। 
मुख्यमंत्री ने स्मरण कराया कि आपकी बेटी हमारी बेटी योजना के तहत सरकार तीन बेटियों तक के जन्म पर  21000-21000 रुपये की राशि बेटी के खाते में जमा कराती है, ताकि वह राशि बेटी की शादी के समय काम आ सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने ई-गर्वनेंस के क्षेत्र में अनेक पहल की है, अब घर बैठे ही लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही स्वत ही लाभार्थी के खाते में 3000 हजार रुपये मासिक पेंशन डाल दी जाती है। इसी प्रकार से अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मिलने वाली पेंशन का लाभ सीधा उनके बैंक खातों में पहुंच रहा है, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर काटने से निजात मिली है। 
कार्यक्रम के दौरान धानक समाज शिक्षा सभा गोहाना और धान समाज हरियाणा तथा सर्व समाज के प्रबुद्ध लोगों ने मुख्यमंत्री  नायब सिंह को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए पूर्व प्रशासनिक अधिकारी अमरजीत सिंह ने समाज की ओर से मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा। 

इस मौके पर सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) राज्य मंत्री  बिसम्भर सिंह ने कहा कि आज के कार्यक्रम में उमड़ा जन सैलाब इस बात का प्रतीक है कि प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति श्रेणी में 46 जातियां आती हैं और सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों के दाखिले में आरक्षण का लाभ दिया है, जिससे समाज के लोगों को लाभ मिला रहा है। 
इस मौके पर राज्य सभा सांसद  रामचंद्र जागड़ा और राई के विधायक मोहन लाल बड़ौली ने भी संबोधित किया। समारोह में राजस्थान के प्रसिद्ध लोक गायक व पदम श्री से सम्मानित अनवर खान ने कबीर भजन की शानदार प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्र मुग्ध किया।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा, पूर्व मंत्री कविता जैन, मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी अमरजीत, नगर परिषद गोहाना की चेयरपर्सन रजनी विरमानी, पूर्व जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा, योगेश्वर दत्त, रविन्द्र दिलावर, बलराम कौशिक, गुलशन विरमानी, उमेश शर्मा, पवन खरखौदा, भूपेन्द्र मलिक, पवन दुग्गल, धानक समाज के प्रधान सुरेश, उमेद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
-----------

Comments