मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के किए गए है पुख्ता प्रबंध :- रिटर्निंग अधिकारी अजय कुमार


राष्ट्रीय जंक्शन / रोहतक ।
रोहतक संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी अजय कुमार ने पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग के साथ गांव में स्थित संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा प्रबंधों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
अजय कुमार ने पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग के साथ जिला के गांव किलोई, रिठाल व काहनी में स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की तथा मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाई गई मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लोकसभा आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए कृतसंकल्प है। लोकसभा आम चुनाव के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये गए है ताकि हर मतदाता निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
रिटर्निंग अधिकारी अजय कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की गई है, जहां पर सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किये जा रहे है। उन्होंने मतदाताओं को आश्वस्त किया कि वे 25 मई को निडर होकर अपने घरों से निकलकर बिना किसी प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में 25 मई को मतदान में हिस्सा लें तथा देश के लोकतंत्र को और मजबूत बनाये।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने कहा कि जिला में संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की गई है तथा इन मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जायेगा। जिला में पुलिस बल के अलावा अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी ताकि हर मतदाता भयरहित माहौल में निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। जिला पुलिस लोकसभा आम चुनाव को लेकर पूरी तरह सतर्क है तथा पुलिस द्वारा नाके लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी भी ली जा रही है। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments