रोहतक में वाहन चेकिंग की वीडियोग्राफी ज़रूरी



राष्ट्रीय जंक्शन / रोहतक ।
रोहतक लोकसभा के सामान्य पर्यवेक्षक डॉ. एन प्रभाकर रेड्डी ने कहा कि फ्लाइंग स्कवेड टीमें व स्टैटिक सर्विसलेंस टीमें गंभीरता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। टीमों के सभी सदस्य ड्यूटी के समय अपने नाके या निर्धारित स्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा नाका से गुजरने वाले वाहनों की चेकिंग की सही तरीके से वीडियोग्राफी करें।
डॉ. एन प्रभाकर रेड्डी स्थानीय जिला विकास भवन स्थित सभागार में रोहतक लोकसभा के रिटर्निंग अधिकारी अजय कुमार, पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग तथा अन्य अधिकारियों के साथ एफएसटी व एसएसटी टीमों को भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों की जानकारी दे रहे थे। सामान्य पर्यवेक्षक ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गाड़ी में 50 हजार रुपये से अधिक नकद राशि लेकर चले और उसके पास इस कैश की सही रसीद या दस्तावेज नहीं है तो इस कैश को नियमानुसार जब्त करें। यदि 10 लाख रुपये से ज्यादा कैश बरामद होता है तो इसकी सूचना आयकर विभाग को दें। सभी टीमें बेहतर तालमेल के साथ कार्य करें। वीडियोग्राफी एक गोपनीय दस्तावेज है, जिससे संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में जमा करवाये। यदि बिना अनुमति किसी प्रकार की चुनाव सामग्री छपवाई गई है और वह नाका पर पकड़ी जाती है, तो तुरंत जब्त करें तथा नियमानुसार कार्यवाही करें।
सामान्य पर्यवेक्षक डॉ. एन प्रभाकर रेड्डी ने कहा कि ड्यूटी के समय टीम के सभी सदस्य पहचान पत्र पहनकर रखें। उन्होंने कहा कि जीपीएस के माध्यम से टीम के प्रत्येक सदस्य की लोकेशन दर्ज हो रही है। इसलिए सभी ईमानदारी व गंभीरता से ड्यूटी का निर्वहन करें। किसी भी स्थिति में नाका को खाली न छोड़े तथा यह सुनिश्चित करें कि नाका पर टीम के सदस्य अवश्य मौजूद रहे।

Comments

  1. यूं ही सुधरेंगे हालात, प्रशासन का सराहनीय कदम

    ReplyDelete

Post a Comment