राष्ट्रीय जंक्शन / रोहतक।
हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने शुक्रवार को पुलिस ट्रेनिंग सेंटर सुनारिया के पीओपी ग्राउंड में आयोजित एक्स सर्विसमैन के रिक्रूटमेंट के बेसिक कोर्स बैच नंबर एस-14 की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया व सलामी ली।
पासिंग आउट परेड के अवसर पर रोहतक मंडल व सुनारिया स्थित पुलिस परिसर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक केके राव, पुलिस ट्रेनिंग केंद्र के पुलिस उप महानिरीक्षक शिव चरण अत्री, रोहतक के पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, चरखी दादरी की पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार, सुनारिया स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के पुलिस अधीक्षक ध्यान चंद, कमांडेंट थर्ड आईआरबी सुनारिया एंड वुमेन बटालियन सुनारिया भारती डबास, सहायक निदेशक आरएफएसएल पीसी सुनारिया दलबीर व डीएवी स्कूल सुनारिया की प्राचार्या रीना सहित पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी व नव नियुक्त सिपाहियों के परिजन उपस्थित थे।
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने परेड की सलामी लेने उपरांत जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि दीक्षांत परेड किसी भी पुलिस कर्मचारी के लिए यह अवसर एक गौरवमयी पल होता है। उन्होंने सभी जवानों को रिक्रूटमेंट बेसिक कोर्स के उपरांत बेहतरीन दीक्षांत परेड की बधाई देते हुए कहा कि इस बैच में सभी 452 सिपाही एक्स सर्विसमैन है। इन्होंने सेना में प्रशिक्षण प्राप्त करके देश की सेवा की है। इनका अनुभव अब प्रदेश के नागरिकों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस के हर कर्मचारी का कर्तव्य नागरिक के जान-माल की सुरक्षा के साथ-साथ कानून व्यवस्था बनाये रखना है। आज की इस परेड में इन जवानों ने अपने कर्तव्य के पथ पर जान की परवाह ना करने की भी जो शपथ ली है, उसे अपने पूरे सेवाकाल के दौरान याद रखना है।
Jai hind
ReplyDelete